ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल जारी: खाली पड़ी हैं देशभर की सड़कें

trucks strikeनई दिल्ली। ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल लगातार तीसरे दिन भी जारी है। देश के विभिन्न हिस्सों में सामान की आपूर्ति प्रभावित हुई है। केन्द्र सरकार ने वर्तमान टोल प्रणाली को खत्म करने की उनकी मांग को मानने से इनकार कर दिया। ट्रांसपोर्टरों की शीर्ष इकाई आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी) द्वारा आहूत इस अनिश्चितकालीन हड़ताल के दायरे से दूध, सब्जियों और दवाओं जैसी आवश्यक चीजों की आपूर्ति को बाहर रखा गया है। तमिलनाडु, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा सहित अन्य राज्यों से मिली खबरों के अनुसार सामान की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
एआईएमटीसी के अध्यक्ष भीम वाधवा ने कहा कि टोल बैरियर मुक्त भारत के लिए हमारे सदस्य जंतर मंतर पर शांतिपूर्ण धरना देंगे। जब तक सरकार हमारी समस्या का कोई व्यावहारिक समाधान नहीं करती तब तक हम हड़ताल जारी रखेंगे। हम टोल भुगतान के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन हम इसे वार्षिक रूप से किए जाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रानिक टोल संग्रहण प्रणाली जैसा कि सरकार ने वायदा किया है, व्यावहारिक नहीं है। ट्रक आपरेटरों की हड़ताल से जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है।