ओवैसी पर भड़के एमएलए सोम बोले: यूपी को हैदराबाद न बनायें

sangeet-som-bjp-लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के विधायक संगीत सोम ग्रेटर नोएडा के दादरी के बिसाहड़ा कांड पर हो रही एकतरफा कार्रवाई से काफी नाराज हैं। संगीत सोम आज दादरी के बिसाहड़ा गांव पहुंचे हैं। मेरठ के सरधना से भाजपा के विधायक सोम ने कहा कि यूपी सरकार बिसाहड़ा गांव के कांड पर ठीक कार्रवाई नहीं कर रही है। इस एकतरफा कार्रवाई के कारण मामले का खुलासा नहीं हो पाएगा। विभिन्न पार्टियों के नेताओं के यहां पर पहुंचने से भी सोम खासे नाराज है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस मामले में एकतरफा कर्रवाई कर रही है। अब अन्याय सहन नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि यह सरकार अब कुछ दिन की ही मेहमान है। इसके साथ ही उनकी सबसे बड़ी नाराजगी ऑल इंडिया मजलिस-ए-एद्देहादुल मुस्लिमीन (एमईएम) के अध्यक्ष असददुद्दीन ओवैसी के मुखिया से है। सोम ने कहा कि ओवैसी यहां आकर ग्रेटर नोएडा तथा नोएडा के साथ उत्तर प्रदेश को हैदराबाद न बनायें। सोम ने बिसाहड़ा के ऊंचामीर में पीडि़त परिवार के लोगों से मुलाकात की। इसके साथ ही संगीत सोम ने पुलिस की गोली से घायल युवक के परिवार के लोगों से भी भेंट की। इससे पहले भाजपा विधायक संगीत सोम ऊँचा अमीरपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मेरा किसी से भी कोई विरोध नहीं है। मेरा मानना है कि यहां पर कोई शांति भंग नहीं करेगा। हम उत्तर प्रदेश सरकार की कार्रवाई का कानून के दायरे रहकर विरोध करेंगे। कोई नारेबाजी नहीं करेगा और न ही कानून तोड़ेगा।