भागवत बोले: समाज से खत्म हो भेदभाव

Mohan-Bhagwant-नागपुर। दशहरा के मौके पर नागपुर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने हिंदुवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गुरुवार को कहा कि पूरे समाज से भेदभाव खत्म करना चाहिए। इस कार्यक्रम का आयोजन नागपुर के दक्षिण पूर्वी हिस्से में स्थित विशाल रेशमीबाग मैदान में किया गया। विभिन्न हिंदुवादी संगठनों और नेताओं के हाल ही में कई विवादों में शामिल होने की पृष्ठभूमि में आरएसएस प्रमुख का यह संबोधन खास अहमियत रखता है। भागवत ने कहा कि हम समाज में एक दूसरे का पूरक बनकर चलें। आज पूरे देश में उम्मीद का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि अपने हित की रक्षा करें और दूसरे के हित का ध्यान रखें। सारे धर्म आपस में आत्मीयता बनाए रखें। नए भारत के लिए लोगों को मानसिक दासता छोडऩी होगी। भारत में सभी पंथ और संप्रदाय का सम्मान होता है, ऐसे में हमें विविधताओं का ध्यान रखना होगा। भारत के पास परंपरा और संतुलन के कई मॉडल हैं। सबसे मधुर संबंध बनाए रखने जरूरी हैं। उन्होंने नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि आज कई नेता सामाजिक सदभाव की उपेक्षा कर रहे हैं। हमें संस्कार, नैतिकता और कर्तव्यबोध को ध्यान में रखना चाहिए। हम सभी संप्रदाय और मानव जाति के विकास की बात करते हैं।