भाजपा की कमल संदेश बाइक रैली राम भक्तों की रैली में बदली,

लखनऊ  नवंबर। उप्र में भाजपा की कमल संदेश बाइक रैली राम भक्तों की रैली में बदल गई। वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रैली में शामिल हुए लेकिन बाइक नही चलायी। इस रैली में भी ‘जय श्री राम’ और ‘राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे’ के नारे भी लगते रहे। 
लोकसभा चुनाव को करीब देख कर पार्टी ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार की सभी उपलब्धियों को अब जन-जन तक पहुंचाने के लिए कमल संदेश बाइक रैली का आयोजन कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में तो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज तथा डॉ. दिनेश शर्मा ने लखनऊ में कमल संदेश बाइक रैली को रवाना किया। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के कमल संदेश बाइक रैली को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। योगी ने कहा कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों के बल पर 2019 में और अधिक सीटों के साथ दोबारा सत्ता में लौटेंगे। उन्होने कहा कि पांच राज्यों में इस समय चुनाव चल रहे हैं। वहां भी इस रैली का संदेश पहुंचना चाहिए, ताकि वहां के कार्यकर्ता भी उत्साहित रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने देश और दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उस संदेश को 2019 लोकसभा चुनाव की दृष्टि से आमजन तक पहुंचाने के लिए यह कमल संदेश यात्रा एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वर्ष 2019 पूरे देश और दुनिया के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज हमको जनता पर केंद्र सरकार की हर योजना को ले जाना है। उन्होंने कहा कि जब जनता जागरूक होगी तो सभी लीकेज खत्म होंगे। उन्होंने कहा कि सभी लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाएं ले जाएं।
————————