सीएम का निर्देश: छठ तक व्यापक सावधानी रहे

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के दृष्टिगत पर्वों और त्योहारों में पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा है कि दीपावली से लेकर छठ पर्व तक व्यापक सावधानी बरतने की आवश्यकता है, क्योंकि इन पर्वों में लोग आपस में भेंट करते हैं। छठ पर्व सामूहिक रूप से सम्पन्न किया जाता है। उन्होंने इसके दृष्टिगत जनपद स्तर पर समीक्षा करते हुए संक्रमण के नियंत्रण के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के सम्बन्ध में जागरूकता प्रसार के लिए विशेष प्रयास किये जाएं। इसके लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों के साथ-साथ पब्लिक एड्रेस सिस्टम का भी उपयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिये कि जनपद लखनऊ, कानपुर नगर, वाराणसी तथा मेरठ में कोविड-19 की रिकवरी दर को बेहतर करने के लिए उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की मेडिकल टेस्टिंग का कार्य पूरी गति से संचालित किया जाए। उन्होंने सर्विलान्स व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू रखने के निर्देश भी दिये हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग त्योहारों के मद्देनजर पूरी सतर्कता बरतें। मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, पी0एच0सी0 तथा सी0एच0सी0 स्तर पर इमरजेंसी व्यवस्था को सक्रिय और प्रभावी बनाकर रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के बाद प्रत्येक जनपद में लोन मेले आयोजित किये जाएं। इन कार्यक्रमों से जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जाए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को जाड़ा बढऩे से पूर्व स्वेटर वितरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि स्वेटर की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समय से सभी छात्र-छात्राओं को स्वेटर उपलब्ध करा दिये जाएं। इस कार्य में लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी की टंकियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस सम्बन्ध में एक सप्ताह के दौरान सभी आवश्यक प्रबन्ध कर लिये जाएं। उन्होंने खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग एवं कृषि विभाग को धान क्रय केन्द्रों की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को एम0एस0पी0 का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।