सीएम अखिलेश का निर्देश: 4 लेन सड़क योजना में आये तेजी

cmलखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनपद मुख्यालयों को 4-लेन सड़क से जोड़े जाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि राज्य की प्रमुख नदियों पर बनाए जा रहे सेतुओं का काम भी हर हाल में इसी वित्तीय वर्ष में पूरा कर लिया जाए।
मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर सड़क तथा सेतु निर्माण के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार प्रदेश के आर्थिक विकास में आवागमन की बेहतर सुविधा के योगदान से वाकिफ है। इसके दृष्टिगत जिला मुख्यालयों को 4-लेन सड़कों से जोडऩे, नदियों पर पुल बनाने का कार्य प्राथमिकता पर कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि चित्रकूट को नवम्बर, 2016, देवरिया को अक्टूबर 2016, बलरामपुर को दिसम्बर 2016, लखीमपुर खीरी, हरदोई व गोण्डा को मार्च 2017 तक 4-लेन सड़कों से जोड़ दिया जाए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि एन0एच0ए0आई0 के माध्यम से जनपद बांदा व मेरठ को अक्टूबर 2016 तक जोड़ा जाना और उपशा द्वारा जनपद सोनभद्र को भी मुख्यालय से जोड़ दिया जाएगा। इसके अलावा, वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग का लोकार्पण भी शीघ्र किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने दीर्घ सेतुओं के निर्माण की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि वाराणसी में गंगा नदी/घानापुर चहनियाँ मार्ग के बलुआ घाट पर निर्मित होने वाले सेतु का कार्य अगस्त, 2016 तक पूरा कराया जाए। उन्होंने वाराणसी जनपद में गंगा नदी/बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के प्रवेश द्वार के सामने रामनगर मार्ग पर निर्मित होने वाले घाट का कार्य अक्टूबर, 2016 तक पूरा करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार, आगरा में आगरा इनर रिंग रोड परियोजना के अन्तर्गत ग्राम महल बादशाह के निकट 8-लेन यमुना नदी सेतु का निर्माण अगस्त 2016 तक व इसी परियोजना के तहत टूण्डला-यमुना ब्रिज रेल सेक्शन पर कुबेरपुर के निकट निर्माणाधीन 8-लेन रेल उपरिगामी सेतु का निर्माण सितम्बर, 2016 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, जनपद फिरोजाबाद में सुशीपुर ग्राम से बलाईघाट के बीच यमुना नदी पर सेतु तथा जनपद बलिया में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 से शिवपुर दीयर नम्बरी मार्ग के श्रीरामपुर घाट पर गंगा नदी पर सेतु का निर्माण कार्य शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने गाजीपुर जनपद में चन्दौली सकलडीहा सैदपुर मार्ग पर सैदपुर के निकट गंगा नदी पर निर्मित होने वाले सेतु, जमानियाँ कस्बे के निकट गंगा नदी पर कंकडहवा घाट पर बनने वाले सेतु, जनपद सीतापुर में घाघरा नदी/सीतापुर-बहराइच राज्य मार्ग पर घाघरा नदी के ऊपर चहलारी घाट पर निर्मित होने वाले सेतु (सीतापुर साइड की जलधारा पर दीर्घ सेतु) का कार्य इसी वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, मिर्जापुर जनपद में गंगा नदी पर भटौली घाट के निकट निर्माणाधीन सेतु तथा बालू घाट चुनार सेतु का कार्य भी इसी वित्तीय वर्ष में पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि 4-लेन परियोजना के अन्तर्गत अब तक 75 जनपदों में से 50 जनपद मुख्यालयों को लोक निर्माण विभाग और एन0एच0ए0आई0 के माध्यम से जोड़ा जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इन कार्यों को अपनी देख-रेख में निर्धारित अवधि में पूरा कराएं, ताकि जनता को इन परियोजनाओं का लाभ जल्द से जल्द मिल सके।