देश के 11 राज्यों में फैला कोरोना का नया वेरिएंट

नई दिल्ली। देश में कोरोना केसों की संख्या 100 के पार चली गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि कोरोना संक्रमण का यह नया वेरिएंट देश के 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में फैल चुका है। मंत्रालय की ओर से दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में ओमिक्रॉन के अब 101 मरीज हैं। इनमें से सर्वाधिक 32 मरीज महाराष्ट्र में हैं तो दिल्ली 22 मरीजों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा राजस्थान में 17, कर्नाटक और तेलंगाना में 8-8 लोग इस नए वेरिएंट से संक्रमित हैं। गुजरात और केरल में 5-5 लोग 50 से अधिक म्यूटेशन वाले इस वायरस से पीडि़त मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भी ओमिक्रॉन दस्तक दे चुका है और इन राज्यों में अब तक 1-1 मरीज मिले हैं। मंत्रालय ने यह भी बताया कि दुनियाभर में ओमिक्रॉन के केस बढ़ रहे हैं और शुक्रवार तक यूके में 11,708 लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित हैं तो डेनमार्क में 9009 और नॉर्वे में 1,792 केस मिल चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका, जहां सबसे पहले यह वेरिएंट पाया गया, में अब तक 1,247 लोग संक्रमित हुए हैं। कनाडा, अमेरिका, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया और बेल्जियम में 500 से कम केस मिले हैं।