यूपी सरकार के मंत्री राजेन्द्र सिंह राणा का निधन

rajendra-singh-rana-लखनऊ। देवबंद से समाजवादी पार्टी के विधायक तथा यूपी सरकार के ग्रामीण अभियंत्रण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेंद्र सिंह राणा का आज निधन हो गया। लंबे समय से कैंसर से पीडि़त राणा ने आज सहारनपुर में अंतिम सांस ली। उनके पैतृक गांव भायला में आज उनका अंतिम संस्कार होगा।विधानसभा चुनाव से ठीक पहले समाजवादी पार्टी का दामन थामने वाले राणा अखिलेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार के मंत्री थे। बीते एक वर्ष से उनकी बीमारी ने भयंकर रूप धारण कर लिया था। राजेंद्र सिंह राणा के परिवार में उनकी पत्नी, पिता मान सिंह राणा तथा एक पुत्र व एक पुत्री हैं। राजेंद्र सिंह राणा उत्तर प्रदेश तलवारबाजी संघ के अध्यक्ष तथा भारतीय तलवारबाजी संघ के महासचिव थे।

सीएम अखिलेश यादव ने ग्रामीण अभियंत्रण सेवा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेन्द्र सिंह राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए स्व. श्री राणा के शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने स्व. श्री राणा को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा समाज के निर्धन एवं कमजोर वर्गों के हितों के लिए संघर्ष किया। स्व. राजेन्द्र सिंह राणा ने संगठन व सरकार में सौंपे गए सभी दायित्वों का बखूबी निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि स्व. राणा के अधूरे कार्यों और सपनों को पूरा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।