पीएम मोदी बोले: बिहार के लिए तीन सूत्री कार्यक्रम पढ़ाई, कमाई व दवाई

narendra-modi-in-faridabadपटना। पीएम नरेन्द्र मोदी ने गोपालगंज में रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को निशाने पर लिया। बिहार में बीते दिनों हुए घोटालों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार के लुटेरों को सजा देने के लिए हो रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार ने संसद में दलितों-पिछड़ों के आरक्षण को काटकर संप्रदाय के आधार पर आरक्षण देने की वकालत की थी। गोापलगंज के पुराने दिनों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां मां-बेटियों की इज्जत सुरक्षित नहीं थी, अपहरण व हत्याएं होती थीं। आजकल आपलोग महास्वार्थबंधन के नेताओं की बयानबाजी सुनते हैं। वे अनाप-शनाप भाषा बोले जा रहे हैं। उनकी डिक्शनरी तो खाली हो चुकी है, लेकिन रोज नई-नई गालियां खोजते हैं। ये लोग (महागठबंधन के नेता) चुनाव में ऐसा व्यवहार क्यों कर रहे हैं? सारी मर्यादाएं तोड़कर निम्न स्तर की भाषा पर क्यों उतर आए हैं? कारण यह नहीं कि मोदी ने कोई गलती की। कारण यह है कि मोदी से जनता का प्रेम वे पचा नहीं पा रहे हैं। रैली के बाद महागठबंधन के लोग जितना आपा खोते हैं, उससे तय होता है कि रैली कितनी सफल हुई है।
गरीब से गरीब व्यक्ति को भी कोई बिकाउ कहे तो वह सहन नहीं करेगा। चुनाव में तो हार-जीत होती रहती है। ऐसा क्या गुस्सा? मोदी पर आरोप लगाते लगाते थक गए तो बिहारियों का अपमान शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि मोदी की सभा में लोग पैसे देकर लाए जाते हैं। यह बिहारियों का अपमान है। नीतीश बाबू, आपको बिहारियों का अपमान महंगा पड़ेगा। मोदी पर जितना जुल्म करना है कर लो नीतीश बाबू, बिहारियों का अपमान मत करो।
याद करिए, गोपालगंज को मिनी चंबल बना दिया था। यहां रेलवे स्टेशन पर गोलियां चलती थीं। गोपालगंज में जंगल राज था। नौजवानों को रोजी-रोटी के लिए गोपालगंज से पलायन करना पड़ा। पूरे राज्य में सबसे ज्यादा युवाओं का पलायन गोपालगंज व सिवान से हुआ। बिहारी नौजवानों को बाहरी किसने बनाया? हमें ऐसा बिहार बनाना है, जिसमें बिहार में ही नौजवानों को बिहार में रोजगार मिले। बड़े भाई (लालू प्रसाद) को बेटों के सिवा किसी और की चिंता नहीं। जेल गए तो बीवी को सत्ता देकर गए। यह क्या खेल चल रहा है?
विकास ही बिहार को बदहाली से बचा सकता है। मैं एक ही बात कहने आया हूं। मुझपर भरोसा करिए। इस भाई-भतीजावाद को खत्म करना है। दिल्ली दिन-रात भ्रष्टाचार के कारण बदनाम थी। चारो तरफ लूट मची थी। आपने मुझे 16 महीने से बिठाया है, एक रुपये की शिकायत आई है क्या? पीएम ने कहा कि बिहार के नौजावनों, बुजुर्गों व परिवारों के लिए मेरा तीन सूत्री कार्यक्रम है पढ़ाई, कमाई व दवाई। बिहार के बच्चों व नौजवानों को बेहतर शिक्षा मिलनी चाहिए। इसके लिए विकास वाली सरकार चाहिए।