सानिया और हिंगिस की जोड़ी ने किया कमाल, डबल्स की बनीं चैंपियन

MirzaHingis
लंदन। सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में वुमंस डबल्स चैम्पियन बन गई है। फाइनल में टॉप सीड भारतीय और स्विस जोड़ी ने सेकंड सीड रूसी जोड़ी एकाटेरिना मकारोवा और एलेना वेस्नीना को हराया। दो घंटे और 47 मिनट तक चले इस मुकाबले में सानिया-हिंगिस की जोड़ी 5-7, 7-6, 7-5 से जीतने में सफल रही। इस जीत के साथ सानिया ने पहली बार वुमंस डबल्स ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किया है। ये कामयाबी करने वाली सानिया पहली इंडियन प्लेयर हैं। इससे पहले इस भारतीय खिलाड़ी ने मिक्स्ड डबल्स में ऑस्ट्रेलियन, फ्रेंच और यूएस ओपन के खिताब जीते हैं। सानिया-मार्टिना हिंगिस की विजेता जोड़ी को 5.47 लाख डॉलर (3.34 करोड़ रु.) इनामी राशि मिली।
सानिया-हिंगिस की जोड़ी को पहले सेट में 5-7 से हार का सामना करना पड़ा। दूसरा सेट भी पहले सेट की तरह बेहद कांटे का रहा और टाईब्रेकर तक पहुंचा। टाईब्रेकर में सानिया और हिंगिस की जोड़ी ने 7-4 से जीत दर्ज कर स्कोर 1-1 कर दिया। तीसरे और निर्णायक सेट में एक बार फिर दोनों टीमों ने एक-दूसरे को मात देने के लिए पूरा जोर लगाया। तीसरे सेट में जब स्कोर 5-5 था उस समय अंधेरा होने के कारण मैच रोकना पड़ा। इसके बाद ऑल इंग्लैंड क्लब की छत को बंद करके आगे का मुकाबला खेला गया। खेल दोबारा शुरू होने पर सानिया-हिंगिस की जोड़ी ने लगातार दो गेम जीतकर मैच अपने नाम कर लिया। सानिया का यह पहला विंबलडन महिला डबल्स खिताब है। 1997 की विंबलडन सिंगल्स चैम्पियन हिंगिस इससे पहले 1996 में हेलेना सुकोवा और 1998 में जाना नोवोत्रा के साथ वीमेंस डबल्स खिताब जीत चुकी हैं।