सीएम की मौजूदगी में ग्रीन यूपी कैम्पेन का शुभारम्भ

cm newलखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सुबह नौ बजे हमीरपुर के मौदहा बांध पर ग्रीन यूपी कैम्पेन का शुभारम्भ किया। उनके साथ मुख्य सचिव आलोक रंजन भी मौजूद हैं। इसी के साथ ही आज दस लाख पौधे लगाने का विश्व रिकार्ड बनाने की शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ब्रह्मानंद बांध से वृक्षारोपण शुरू किया। अब प्रदेश के कई जिलों में दिन भर पौधे लगाए जाएंगे। प्रदेश के 9 अन्य स्थानों पर भी वृक्षारोपण किया जाएगा। इन सभी स्थानों पर अन्तर्राष्ट्रीय ऑडीटर मौजूद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार हमीरपुर के अतिरिक्त सोनभद्र, ललितपुर, मिर्जापुर, लखीमपुर, फर्रूखाबाद, चित्रकूट, गौतमबुद्धनगर तथा श्रावस्ती में भी वृक्षारोपण किया जाएगा। जनपद लखीमपुर में पौधरोपण के लिए दो स्थानों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के स्थानों पर ग्रिड बनाए जाएंगे। एक प्रजाति के पौधे एक ही ग्रिड में लगाए जाएंगे। ग्रिड के बोर्ड में पौधे की संख्या अंकित की जाएगी। मुख्य बोर्ड में स्थान का क्षेत्रफल, ग्रिड एवं लगाए जाने वाले पौधों की संख्या तथा वृक्षारोपण का दिनांक अंकित किया जाएगा। इस अभियान में पीपल, नीम, जामुन, पाकड़, गूलर, शीशम, कांजी, आंवला, चिलबिल तथा इमली इत्यादि के पौधे रोपित किए जाएंगे। ज्ञातव्य है कि अभी तक गिनीस बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड संस्था द्वारा एक दिन में 8.50 लाख पौध रोपित किए जाने का कीर्तिमान दर्ज किया गया है।