आतंकी हमलों के सरगना की पहचान: 23 गिरफ्तार

paris-charlie-attackपेरिस। फ्रांस के खुफिया अधिकारियों ने आतंकी हमले के सरगना को पहचान लिया है। बेल्जियम के चरमपंथी अब्देलहामिद अबाउड को हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पेरिस के अभियोजक ने बताया कि जांच अधिकारियों ने दो अहम हमलावरों की पहचान कर ली है। इनमें से एक सीरियाई मूल और दूसरा फ्रांसीसी मूल का है। इन्हें पूर्व में भी आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। पेरिस स्टेडियम के बाहर खुद को उड़ाने वाले आत्मघाती हमलावर की पहचान अहमद अल मुहम्मद के रूप में की गई है। उसके सीरियाई मूल के होने की बात कही जा रही है। अभियोजक के दफ्तर से जारी बयान में कहा गया है कि आतंकी के शव के पास से सीरिया का पासपोर्ट मिला है। अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन ग्रीस में अक्टूबर महीने में लिए गए फिंगरप्रिंट से मिलान हो गया है। दूसरा आतंकी पेरिस के बाहरी उपनगरीय इलाके ड्रैंसी का रहने वाला 28 वर्षीय सैमी एमीमौर है। सैमी बैताक्लां थियेटर में 89 लोगों की नृशंस हत्या में शामिल था।आतंकवाद रोधी जांचकर्ताओं के बीच एमीमौर का नाम जाना-पहचाना है। 19 अक्टूबर, 2012 को यमन में एक आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर दिया गया था। इसमें उसके शामिल होने की बात थी। पेरिस आतंकी हमले से पहले एमीमौर के परिवार ने बताया था कि वह 2013 में सीरिया गया था। उसके परिवार के तीन लोगों को फिलहाल हिरासत में लिया गया है।
इस बीच, शुक्रवार रात हुए हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 132 हो गई है। इनमें से 26 लोगों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। फ्रांसीसी पुलिस आइएस के संदिग्ध आतंकियों और उनके मददगाारों की धरपकड़ में जुटी है। 170 स्थानों पर छापे मारकर 23 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। 100 लोगों को घरों में नजरबंद कर दिया गया है। अब तक 31 हथियार बरामद किए गए हैं। इनमें रॉकेट लांचर भी शामिल है।
एजेंसियां