नासिक में शुरू हुआ आस्था का कुंभ

OLYMPUS DIGITAL CAMERA

नासिक। त्रयंबकेश्वर नासिक सिंहस्थ कुंभ का ध्वजारोहण दोनों कुंभ नगरियों में पारंपरिक विधि विधान से होने के साथ ही कुंभ की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस सिंहस्थ मेले के दौरान होने वाले तीनों शाही स्नानों के अलावा कई पर्व दिवसों के पुण्यकाल में दस करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु गोदावरी की पवित्र धारा में डुबकी लगाएंगे। इस पावन मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे। राज्य सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे भी इस दौरान नजर आईं। तय मुहूर्त के अनुसार सुबह साढ़े छह बजे विधिवत तरीके से पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई। सभी विशिष्ठ अतिथि पूजा में शरीक हुए।
देवगुरु ग्रह बृहस्पति एक बार फिर सिंह राशि में आ रहा है। सूर्य और चंद्रमा कर्क राशि में आएंगे तो त्रयंबकेश्वर नासिक में अमृत की बूंदें छलकेंगी और सिंहस्थ महापर्व होगा। हर 12 साल बाद लगने वाले सिंहस्थ मेले का ध्वजारोहण, करोड़ों श्रद्धालुओं, लाखों साधु संन्यासियों और हजारों महामंडलेश्वरों, महंतों और श्री महंतों से सजने वाले इस मेले में हजारों साल की परंपरा दोहराई जाएगी। सिंहस्थ 2015 का पहला शाही स्नान रक्षा बंधन यानी सावन की पूर्णिमा को होगा, तारीख होगी 29 अगस्त. दूसरा शाही स्नान 13 सितंबर अमावस्या को और तीसरा शाही स्नान 18 सितंबर को ऋषि पंचमी के पर्वकाल में वैष्णव बैरागी संत करेंगे। शैव संन्यासी वामन जयंती पर 25 सितंबर को त्रयंबकेश्वर के कुशावर्त कुंड पर गोदावरी के पवित्र जल में तीसरे शाही स्नान की डुबकी लगाएंगे।