चुनाव आयोग के संकेत: बजने वाली है बिहार विधानसभा चुनाव की रणभेरी

bihar
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए रणभेरी बजने ही वाली है। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है और अक्टूबर के बीच चुनाव की तिथियों का एलान किया जायेगा। बताया जाता है कि यहां कई चरणों में चुनाव हो सकते हैं।
चुनाव आयोग के सूत्रों के मुताबिक, चुनाव के कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के मकसद से राज्य की चुनाव मशीनरी की तैयारियों का आकलन किया जा रहा है। आयोग के पूर्ण दल के बिहार दौरे पर जाने से पहले विभिन्न विषयों पर जोर-शोर से काम चल रहा है. मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी और चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति के अगले महीने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ चर्चा किए जाने की संभावना है।
अक्टूबर-नवंबर त्योहारों का मौसम है, लिहाजा आयोग त्योहार का समय शुरू होने से पहले अक्टूबर के अंत या कुछ चरणों को दशहरा और दीपावली के बीच चुनाव करवाने जैसी संभावना पर विचार कर रहा है। चुनाव के चरणों की संख्या में बारे में अभी अंतिम फैसला लिया जाना है, लेकिन इसके चार या पांच चरणों में होने की संभावना है। गौरतलब है कि बिहार में 243 सदस्यीय विधानसभा की अवधि 29 नवंबर को समाप्त हो रही है और नए सदन का गठन इससे पहले हो जाना चाहिए।