प्रियंका संभालेंगी यूपी की कमान: 180 रैलियों का खाका तैयार

priyanka 1लखनऊ। वर्ष 2017 में वाले यूपी के विधानसभा चुनाव में इलाहाबाद का स्वराज भवन कांग्रेस का प्रचार केंद्र होगा। प्रचार की कमान प्रियंका गांधी संभालेंगी। उनकी अगुआई में प्रदेश भर में 180 रैलियां होंगी। चुनाव बाद स्वराज भवन स्थित उस कक्ष को भी आमजन के दर्शनार्थ खोल दिया जाएगा जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म हुआ था।
आजादी के पहले तक स्वराज भवन कांग्रेस का मुख्यालय था। देश की आजादी की लड़ाई की रणनीति यहीं तैयार होती थी। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म भी इसी भवन में हुआ था। शायद यही कारण है कि उनकी 100वीं जयंती इस बार शताब्दी वर्ष के रूप में मनाई जा रही है। आयोजन का मुख्य केंद्र होगा स्वराज भवन। पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की यह कर्मस्थली भी रही है। इसका फायदा पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उठाना चाहती है। यही कारण है कि मिशन 2017 का चुनाव पार्टी स्वराज भवन को केंद्र बिंदु बनाकर लडऩा चाहती है।
पार्टी सूत्रों की मानें तो इलाहाबाद में नवंबर में होने वाले कार्यक्रम में प्रियंका गांधी को चुनाव प्रचार की कमान सौंपी जा सकती है। इलाहाबाद में प्रियंका पहली बार 1991 में अपने पिता पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के अस्थिकलश के साथ स्वराज भवन आई थीं। दूसरी बार उनका दौरा 2002 में हुआ था। उस समय सोनिया गांधी अपने सहयोगियों माखनलाल फोतेदार, मणिशंकर अय्यर, अनिल शास्त्री एवं मोहसिना किदवई जैसे कद्दावर नेताओं के साथ स्वराज भवन में मौजूद थीं। उस समय भी प्रियंका का ग्लैमर इलाहाबादियों के सिर चढ़कर बोला था।
शायद यही वजह है कि पार्टी चुनाव का शंखनाद यहां से करना चाह रही और उसकी कमान भी प्रियंका को सौंपी जा रही है। कहा यही जा रहा है कि अपने पुराने गढ़ को आधार बनाकर कांग्रेस यूपी का चुनाव लडऩा चाहती है। स्वराज भवन का रंगरोगन किया जा रहा है। स्वराज भवन के जिस कक्ष में इंदिरा प्रियदर्शिनी का जन्म हुआ था, उसका जीर्णोद्धार भी किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि जल्द ही यह कक्ष राष्ट्र को समर्पित किया जा सकता है जिसमें लोग इंदिरा गांधी से जुड़ी यादों को ताजा कर सकेंगे। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता किशोर वाष्र्णेय बताते हैं कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी ताकत का अहसास कराएगी।