टाटा संस की कमान एन.चन्द्रशेखरन के जिम्मे

n chandraमुंबई। साइरस मिस्त्री को हटाने के बाद टाटा संस को उसका नया चेयरमैन मिल गया है। ग्रुप कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस के सीईओ और एमडी एन. चन्द्रशेखरन को साइरस मिस्त्री की जगह नया चेयरमैन बनाया गया है। वे टाटा संस के 149 साल के इतिहास में ग्रुप के पहले गैर पारसी चेयरमैन हैं। वे 21 फरवरी को ग्रुप की कमान संभालेंगे। इस वक्त खुद रतन टाटा कंपनी के अंतरिम चेयरमैन के तौर पर काम संभाल रहे थे। मिस्त्री को पिछले साल 24 अक्टूबर को हटा दिया गया था। चन्द्रशेखरन मूलत: तमिलनाडु से हैं और वे 2009 से एमडी और सीइओ हैं। राजेश गोपीनाथन टीसीएस में उनकी जगह लेंगे।
मिस्त्री के बाहर जाने के बाद बोर्ड में शामिल हुए थे चन्द्र शेखरन
गुरुवार को कंपनी ने चन्द्रशेखरन के अप्वाइंटमेंट की आधिकारिक घोषणा की। वे कम्प्यूटर एप्लीकेशन में मास्टर डिग्री होल्डर हैं। उन्होंने 1987 में टाटा ग्रुप ज्वाइन किया था। 2009 में वे टीसीएस के सीइओ बने थे। मिस्त्री के बाहर जाने के बाद पिछले साल अक्टूबर में उन्हें टाटा संस बोर्ड में शामिल किया गया था। चन्द्रशेखरन सेन्ट्रल बैंक के बोर्ड में भी काम कर चुके हैं। मिस्त्री को हटाने के बाद टाटा संस के चेयरमैन बनने की दौड़ में कई बड़े नामों की चर्चा थी। इसमें पेप्सिको इंक की हेड इंद्रा नूयी, वोडाफोन ग्रुप के फॉर्मर हेड अरुण सरीन, टाटा ग्रुप की रिटेल यूनिट के चेयरमैन नोएल टाटा, टीसीएस के ही पूर्व सीईओ एस रामादोराई, जगुआर लैंड रोवर के हेड राल्फ स्पेथ का नाम भी शामिल था।