देश के कई राज्यों में आफत की बारिश

नेशनल डेस्क। देश भर के कई राज्यों में लगातार मूसलाधार बारिश जारी है। जिस वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण फिर से भूस्खलन हुआ। असम में भी बाढ़ के हालात गंभीर बने हुए हैं और देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में रविवार को भी लगातार बारिश जारी है। गुजरात के मोरबी जिले के टनकारा तालुका में काफी कम समय में बहुत अधिक बारिश हुई। बारिश के कारण कई डैम में जलस्तर अत्यंत अधिक हो गया, जिससे भारी जलजमाव की वजह से जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है।
राजस्थान के जोधपुर में एक वीडियो सामने आया है जहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते दोपहिया वाहन सडक़ों पर तैरते नजर आए। भारी बारिश की वजह से लोग दुकानें और बाजार बंद करके घरों में कैद होने को मजबूर हैं। गुजरात के मोरबी में उफनती नदियां उफान पर है। मोरबी में बारिश की वजह से सडक़ों पर पानी भर गया है और कई वाहन इस कारण बंद पड़ गए हैं। हालात यह कि वाहनों में फंसे लोगों को रस्सी की मदद से वाहर निकालना पड़ रहा है। करीब 12 इंच बारिश ने पूरे इलाके में खतरे की घंटी बजा दी है। यहां बांध के 14 दरवाजे खोल दिए गए हैं ताकि इलाके से पानी को निकाला जा सके। लेकिन बांध के फाटक खोलने से निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने कहा कि राज्य के आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है। अहमदाबाद में 31 मिमी बारिश होने के बाद शहर के निचले इलाकों में जलजमाव है। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को भी भारी बारिश और भूस्खलन के चलते बंद करना पड़ा था जिसे एक दिन बाद खोला गया। हिमाचल प्रदेश में भी कई जगह भूस्खलन हुआ है। असम में करीब 453 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और 5,272 हेक्टेयर में लगी फसल को नुक्सान पहुंचा है। करीमगंज को सबसे अधिक नुक्सान पहुंचा है, यहां बाढ़ से 1.53 लाख प्रभावित हुए हैं। यहां करीब 269 लोग बचाव कैंप में रह रहे हैं। असम में बारपेटा, लखीमपुर, जोरहाट, करीमगंज, कछार, धेमाजी, कार्बी आंगलांग और विश्वनाथ जिलों में 2.68 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। हरियाणा में भी भारी बारिश से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। यहां पर करनाल जिले के पिछले 3 दिन से लगातार बारिश हो रही है जिससे 40 फीसदी जमीन पर धान की खेती बर्बाद हो चुकी है। पंजाब के बरनाला जिले में भी बारिश से ऐसे ही हालात बने हुए हैं। दिल्ली में मानसून की बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है तो कई जगह आफत भी बन गई है। पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में भारी बारिश की वजह से शनिवार रात करीब 2:30 बजे इमारत गिर गई, जिसमें भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में सो रहे कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाके में भारी बारिश कि चेतावनी दी है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, उड़ीसा, झारखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, गोवा, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में भी मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। लोगों को गर्मी से तो राहत मिल गई है लेकिन यहां का जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। तेज धाराओं में बहती हुई मूसलाधार बारिश के कारण आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।