लालू की रैली में उमड़ा जनसैलाब: गांधी मैदान भरा

 

पटना। राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राजद की देश बचाओ-भाजपा भगाओ रैली शुरू हो चुकी है। मंच पर नेताओं का संबोधन शुरू हो गया है। राज्य में महागठबंधन सरकार के बिखरने और राजद के सत्ता से बेदखल होने के बाद पूरे देश की नजरें इस रैली पर टिकी हुई है। जदयू के बागी शरद यादव के अगले कदम का भी इंतजार किया जा रहा है। भाजपा विरोधी रैली में शामिल होकर वह एक तरह से जदयू को कार्रवाई के लिए चुनौती देने की तैयारी कर चुके हैं। रैली में शरद यादव के लालू यादव के साथ गले मिलने पर जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि कुछ ही दिनों बाद लालू यादव सपरिवार जेल जाने वाले हैं। ऐसे में उनकी अवैध संपत्ति कौन रखेगा। इसके लिए शरद यादव की ताजपोशी की जा रही है। शरद यादव के खिलाफ क्या कार्रवाई की जायेगी, पूछे जाने पर नीरज कुमार ने कहा कि यह फैसला माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी। रैली में भाग लेने के लिए अखिलेश यादव भी पहंचे हैं।