डेरा मामला: वेस्ट यूपी में पुलिस वालों की छुट्टिïयां रद

मेरठ। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम की सजा का 28 अगस्त को ऐलान से पहले वेस्ट यूपी में पुलिस को ज्यादा सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। डेरा के अनुयायियों की बड़ी संख्या को देखते हुए बागपत प्रशासन हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा कारणों से पुलिसकर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। मेरठ और सहारनपुर में पैरामिलेट्री तैनात की गई है। सेना भी सतर्क है। यौन शोषण मामले में राम रहीम को दोषी ठहराए जाने के बाद हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और गाजियाबाद में हिंसा-आगजनी की घटनाओं को देखते हुए पश्चिमी यूपी में पुलिस टेंशन में है।
सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत की सीमाएं हरियाणा से मिलती हैं। इन जिलों में डेरा सच्चा सौदा के अनुयायी बड़ी संख्या में है। बाबा पर फैसला आने से पहले हजारों अनुयायी हरियाणा कूच कर गए थे, जो अब लौट चुके हैं। खुफिया विभाग ने 28 अगस्त को बाबा की सजा के ऐलान के बाद पश्चिमी यूपी में बवाल की आशंका जताते हुए सुरक्षा इंतजाम कड़े रखने की सलाह दी है। गुप्तचर ऐजेंसियों की रिपोर्ट पर शासन ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों निर्देश जारी किए गए हैं। सबसे ज्यादा संवेदनशील बागपत और सहारनपुर जिले को माना गया है, जहां डेरा के अनुयायियों की संख्या ज्यादा है। शासन के निर्देश पर पश्चिमी यूपी के सभी जिलों में सतर्कता बरती जा रही है।
बागपत में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां कैंसल कर उन्हें सुरक्षा इंतजामों में लगाया जा रहा है। मेरठ और सहारनपुर मंडल में डेरा सच्चा सौदा के सभी 15 आश्रम व नाम चर्चा घरों पर कड़ा पहरा बिठाया गया है। डेरा के अनुयायियों की निगरानी कराई जा रही है। हरियाणा नहीं जा रहीं बसें, यात्री परेशान हरियाणा में हिंसा की वजह से मेरठ, सहारनपुर से बसें न तो वहां जा रही हैं और न अभी उधर से यहां पहुंच रही हैं। ट्रेनों का संचालन शुरू जरूर कर दिया गया है मगर कई ट्रेनें अभी भी रद्द हैं। इसकी वजह से यात्री परेशान हैं।