फरार चल रहे डा.कफील भी गिरफ्तार

 

गोरखपुर। ऑक्सीजन सप्लाई की वजह से हुई मासूम बच्चों की मौत मामले में फरार चल रहे डॉक्टर कफील खान को यूपी एसटीएफ ने शनिवार को गोरखपुर से गिरफ्तार कर लिया है। डॉक्टर कफील खान बाल स्वास्थ्य विभाग के हेड थे। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ही डॉक्टर कफील के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने कहा था कि अगर कफील 7 दिन के अंदर सरेंडर नहीं करते हैं तो उनके घर की कुर्की की जाएगी। बता दें कि इस मामले में निलंबित प्रिंसिपल डॉक्टर राजीव मिश्रा और उनकी पत्नी डॉक्टर पूर्णिमा शुक्ला को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है।
मुख्य सचिव राजीव कुमार की जांच रिपोर्ट के बाद लखनऊ के हजरतगंज थाने में 9 लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी के बाद से डॉक्टर कफील फरार थे। निलंबित प्रिंसिपल डॉक्टर मिश्रा और उनकी पत्नी को पुलिस ने कानपुर से गिरफ्तार किया था। इस मामले में अभी भी 6 आरोपी फरार चल रहे हैं।