यूपी बीजेपी चीफ का हुआ बंपर स्वागत

 

लखनऊ। यूपी भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष डा महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने आज कहा कि सरकार के कार्यक्रम जमीन तक ले जाना और जनता की परेशानियों को सरकार तक पहुंचाना पार्टी कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है।
प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद पहली बार भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे पाण्डेय ने भाजपा को जीवंत और जिन्दादिल पार्टी बताते हुए कहा कि जनता मानती है कि सार्वजनिक हितों की बात सपा-बसपा के सामने नहीं बल्कि भाजपा के आगे ही रखी जा सकती है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संवेदनशील नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि सांसद के रूप में भी उन्होंने योगी जैसा संवेदनशील सांसद नहीं देखा, जो जनता के सुख दुख के लिए कार्य करता हो।
पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने पहली बार ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ के नाम से चुनाव का घोषणापत्र जारी किया। मुख्यमंत्री योगी और उनकी सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक से ही ‘लोक कल्याण संकल्प पत्र’ के अनुसार फैसले लेने शुरू किये।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने जितनी तेजी से कार्य किया, इतनी तेजी से किसी सरकार ने अपने घोषणा पत्र पर काम नहीं किया। ये योगी सरकार का रिकार्ड है।
पाण्डेय ने कहा कि पिछले 15 साल के दौरान उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा ने सरकारी मशीनरी का निजी स्वार्थ के लिए जितना राजनीतिकरण किया, वैसा किसी अन्य राज्य में नहीं हुआ।
उन्होंने भाजपा और अन्य दलों में फर्क समझाते हुए कहा कि अन्य पार्टियां सत्ता को लक्ष्य बनाकर सत्ता के लिए रणनीति बनाती हैं। लक्ष्य के समानान्तर उनका निजी स्वार्थ भी चलता है। सत्ता में आते ही वे अपना निजी स्वार्थ पूरा करने में लग जाती हैं।
पाण्डेय ने 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए उत्तर प्रदेश में पूरी की पूरी 80 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखते हुए कहा कि बीते चुनावों में भाजपा को विशाल बहुमत इसलिए मिला है क्योंकि वह औरों से अलग पार्टी है। उन्होंने कहा, इसलिए कार्यकर्ता संकल्पबद्ध होकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का काम करें। कार्यक्रम में मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाण्डेय को संघर्षों का पर्याय बताते हुए कहा, सज्जनता में भी संघर्ष किया जा सकता है। सज्जनता भी संघर्ष का पर्याय हो सकती है। डा पाण्डेय उसकी प्रतिमूर्ति के रूप में हमारे सामने हैं। उन्होंने उम्मीद जतायी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जो लक्ष्य रखा है, उसे पूरा करने के लिए संगठन और सरकार के कार्यक्रम साथ साथ आगे बढाये जाएंगे। साथ ही विश्वास जताया कि उस लक्ष्य को प्राप्त करने में सब मिलकर काम कर सकेंगे। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि वे सपा-बसपा मुक्त बूथ का संकल्प लेकर आगे बढें और संकल्प कभी असफलता का कारण नहीं बनता। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा के तमाम नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। इससे पहले हवाई अड्डे पहुंचने पर पाण्डेय का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। हवाई अड्डे से पार्टी कार्यालय तक जगह जगह उनका स्वागत किया गया।