दिल्ली भी हो गयी पानी-पानी

 

नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में लगातार बारिश होने के कारण कई इलाकों में जल जमाव की स्थिति पैदा हो गई जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जल भराव के कारण लोग कई जगह जाम में फंसे रहे वहीं कुछ स्थानों पर वाहनों के खराब होने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आईटीओ बुरी तरह प्रभावित रहा जहां लोग दोपहर से लेकर शाम तक लंबे जाम में फंसे रहे।बहादुर शाह जफर मार्ग के अलावा दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और इंडिया गेट के आस-पास का इलाका भी प्रभावित रहा।पुरानी दिल्ली में चांदनी चौक, लाल किला और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के इलाकों में भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।उधर सीलमपुर, वजीराबाद, शाहदरा, जाफराबाद, यमुना विहार जैसे यमुना पार के इलाके भी प्रभावित रहे। पूर्व दिल्ली में, आनंद विहार के आसपास का क्षेत्र भी प्रभावित रहा।दिल्ली पुलिस के ट्विटर अकाउंट पर आज दिनभर यातायात की स्थिति की जानकारी दी गई।