सपा के सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर: अध्यक्ष का होगा चुनाव

 

लखनऊ। मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया है कि समाजवादी पार्टी का दसवां राष्ट्रीय सम्मेलन आगरा में 5 अक्टूबर को होगा। सम्मेलन स्थल तारघर का मैदान सदर बाजार, कैंट आगरा में प्रतिनिधि सम्मेलन की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सहित 25 राज्यों के लगभग 15 हजार प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन में नए संविधान के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर 05 वर्ष के लिए निर्वाचन होगा। 5 अक्टूबर 2017 को प्रात: 09 बजें झण्डारोहण समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव करेंगे। सम्मेलन का उद्घाटन भी राष्ट्रीय अध्यक्ष जी द्वारा किया जायेगा। इसी दिन आर्थिक राजनीतिक प्रस्ताव पेश होगा जिस पर प्रतिनिधि सम्मेलन में चर्चा होगी। आज की राजनीतिक स्थिति, केन्द्र सरकार की नीतियों तथा राष्ट्र के समक्ष अन्य ज्वलंत समस्याओं पर भी विचार होगा। सम्मेलन में 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी पर भी विचार किया जायेगा। सम्मेलन के पूर्व 04 अक्टूबर 2017 को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक अपरान्ह होगी। सायं काल 05:00 बजे प्रेस कांफ्रेंस को राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी सम्बोधित करेंगे। सम्मेलन में भाग लेने के लिए श्री अखिलेश यादव 04 अक्टूबर 2017 को पूर्वान्ह 08:30 बजे लखनऊ से आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे। इस बीच रास्ते में जगह-जगह उनके स्वागत की तैयारियां की सूचना हैं।