म्यामां और बांग्लादेश सीमा पर भारत ने खोलीं चौकियां

 

नयी दिल्ली। भारत ने म्यामां और बांग्लादेश की सीमा पर दो आव्रजन जांच चौकियां खोली हैं जो दो पूर्वी देशों के साथ निकटता को दिखाता है।
एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार ने मिजोरम के लॉन्गत्लाई जिले में जोरिनपुई जांच चौकी को आव्रजन जांच चौकी बनाया है जहां से लोग वैध यात्रा दस्तावेजों के साथ बांग्लादेश से भारत में आ सकते हैं या भारत से बांग्लादेश जा सकते हैं।
एक अन्य अधिसूचना में मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार ने मिजोरम के लुंगलेई जिले में कावरपुइचुह जांच चौकी को अधिकृत आव्रजन जांच चौकी घोषित किया है।जोरिनपुई को नए सीमाशुल्क स्टेशन के तौर पर चयनित किया गया है। भारत-म्यामां सीमा पर स्थित यह चौकी मिजोरम में है।
गौरतलब है कि मई, 2012 में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की म्यामां यात्रा के समय जारी साझा बयान में जोरिनपुई का उल्लेख किया गया था।कावरपुइचुह मिजोरम में स्थित है जो बांग्लादेश की सीमा से लगा हुआ है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते पांच सितंबर से दो दिनों के लिए म्यामां का दौरा किया था।