अखिलेश का हमला: किसानों के साथ हुआ धोखा

आगरा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है। आलू किसानों को नुकसान हुआ। वहीं जीएसटी से व्यापारी परेशान है। देश को आर्थिक नुकसान हुआ है। कारोबार ठप हो गया है। व्यापारी मानसिक रूप से परेशान है। वे बुधवार की शाम आगरा के रैडिसन ब्लू होटल में शुरू हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन तीन सालों में कुछ नहीं किया। कर्ज माफी के नाम पर किसानों के साथ धोखा हुआ है। हम उनसे पूछेंगे कि आय दोगुनी करने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए वे क्या कर रहे हैं।
नोटबंदी पर तंज कसते हुए बोले, नए नोट आ गए तो क्या अब घोटाले रुक जाएंगे। शायद भाजपा को ऐसा लगता होगा। इससे जीडीपी गिरती है और रोजगार चले जाते हैं। भाजपा की नीतियां समाज में दूरियां बढ़ा रही है। यूपी का विकास ठप पड़ गया है। नए पुल नहीं बन रहे। नई सडक़ें नहीं बन रहीं। बिजली बेहतर नहीं मिल रही। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों के दुख में सपा उनके साथ है। हमारी पार्टी डिजिटल है। हमने लैपटॉप बांटे हैं। भाजपा ने क्या किया। हमने आगरा को बहुत दिया। भाजपा ने झूठ बोलकर बहका लिया और कामयाब हो गई। हमारी बात किसी ने नहीं मानी।
ताजमहल से जुड़े विवाद पर तीखा व्यंग्य: पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि यदि पीएम को ताजमहल पसंद नहीं है तो किले से भाषण क्यों दिया। ताज से तो बहुत से लोगों को रोजगार मिला है। ताज के कारण ही विकास हुआ है।
परिवारवाद पर बोले कि डिंपल अब चुनाव नहीं लड़ेंगी। इसकी घोषणा वे पहले भी कर चुके हैं। इससे पहले समाजवादी पार्टी की बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुधवार की शाम करीब 5 बजे आगरा में शुरू हुई। होटल रैडिसन ब्लू में चल रही इस बैठक में पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव पहुंचे। पार्टी के सचेतक मुलायम सिंह यादव ने बैठक में कल शामिल होने की बात कही है। वहीं आजम खां बैठक में नहीं पहुंचे। बैठक शाम चार बजे शुरू होनी थी, लेकिन व्यवस्थाओं और पदाधिकारियों के देरी से आने के चलते इसमें विलंब हुआ। कार्यकारिणी के दौरान मीडिया को दूर ही रखा गया। बैठक में जया बच्चन, किरणमय नंदा, नरेश अग्रवाल, रामजीलाल सुमन, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, रेवती रमण सिंह, अहमद हसन आदि पहुंच गए थे। बैठक के दौरान अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकारिणी पर मुहर लगेगी। इसमें प्रो. रामगोपाल को निर्वाचन अधिकारी होंगे।