पीएम बनने की बात पर राहुल मुस्कुराये और टाल गये

आशुतोष मिश्रा, अमेठी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को भूएमऊ गेस्ट हाउस में रायबरेली और अमेठी के कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। कार्यकर्ताओं ने उन्हें आश्वस्त किया कि सच्चे सिपाही की तरह वह उनके संघर्ष में हर समय साथ रहेंगे। एक कार्यकर्ता ने उन्हें गुलाब का फूल देते हुए कहा कि आप 2019 में प्रधानमंत्री बनेंगे। इस पर राहुल सिर्फ मुस्कुराए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को गरीबों के हित के मुद्दे जनता के बीच में उठाते रहने को कहा।
अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के तीन दिन के दौरे पर आए कांग्रेस उपाध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी आखरी दिन भूएमऊ गेस्ट हाउस में शुक्रवार की रात पहुंचे थे। रायबरेली के कार्यकर्ताओं ने रात में उनको बुके देकर अगवानी की। सुबह उनसे मुलाकात के लिए रायबरेली और अमेठी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में गेस्ट हाउस पहुंचे। करीब 11 बजे राहुल सबसे बारी-बारी से मिले। इस बार कार्यकर्ताओं से मिलने का उनका अंदाज भी बदला हुआ था। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग फोटो सेशन भी खुद से कराया। राहुल के इस बदले अंदाज से कार्यकर्ता काफी खुश दिखे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीके शुक्ला ने उन्हें गुजरात में किए जा रहे संघर्ष की बधाई दी और कहा कि हम सब आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर आंदोलन को तैयार है। जिला महासचिव प्रमेंद्र पाल सिंह गुलाटी ने बुके देते हुए जैसे ही यह कहा कि आप 2019 में प्रधानमंत्री बनने वाले हैं, वैसे ही राहुल के चेहरे पर मुस्कान तैर गई। हालांकि उन्होंने कुछ भी बोलने से परहेज किया। पूर्वान्ह करीब 11:30 बजे दिल्ली के लिए अमौसी जाते वक्त कांग्रेस उपाध्यक्ष का शहर के साथ-साथ हरचंदपुर बछरावां कुंदनगंज में कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से जबरदस्त स्वागत किया।