नक्सलियों की धमकी: मुगलसराय का नाम बदला तो 6 इंच छोटा कर देंगे

 

चंदौली। यूपी के नक्सल प्रभावित चंदौली जिले के मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम करने पर 6 इंच छोटा करने की धमकी पोस्टर चिपकाकर दी गई है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के जिले में रविवार की सबेरे धमकी भरे यह पोस्टर मुगलसराय रेलवे स्टेशन के सटे इलाकों में चिपके मिले। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन मे हडक़ंप मच गया। पुलिस ने पोस्टर को उखाडक़र फेंकने के साथ ही अज्ञात के खिलाफ धारा 504 व 506 में मुकदमा दर्ज किया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का जहां पैतृक गांव इसी जिले में है वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र नाथ पाण्डेय यहां के सांसद भी है। इस पोस्टर में नाम बदलने में जुटे 13 लोगों को चिन्हित करने की बात करते हुए यह धमकी दी गयी है। मुगलसराय जंक्शन का नाम बदलने को लेकर विगत कई वर्षों से राजनीति गरम रही है। स्थानीय सांसद डॉक्टर महेंद्र नाथ पाण्डेय के अथक प्रयास के बाद मुगलसराय जंक्शन का नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखे जाने की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। वहीं इसको लेकर धरना प्रदर्शन और आंदोलन की प्रक्रिया लगातार जारी है।