शाह का हमला: अमेठी में विकास के नामपर कांग्रेस ने ठगा

कौहार। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह मंगलवार को बीजेपी ब्रिगेड लेकर अमेठी पहुंचे। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने मिशन 2019 का नारा दिया। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में अमेठी का कोई विकास नहीं हुआ है, लेकिन साल 2019 में हम काम और विकास के नाम पर जीत हासिल करेंगे। उनके साथ मंच पर योगी आदित्यनाथ और स्मृति ईरानी भी थीं।शाह ने कहा स्मृति ने लोकसभा चुनाव हारने के बाद भी यहां से रिश्ता नहीं तोड़ा। उन्होंने कहा कि 3 पीढ़ी से अमेठी का नेतृत्व करने के बाद भी कांग्रेस ने विकास नहीं किया। विकास के दो मॉडल होते हैं, एक मोदी मॉडल एक कांग्रेस मॉडल। उन्होंने गुजरात व यूपी के विकास की तुलना करते हुए कहा कि जल्द ही यूपी में संपूर्ण विकास होगा। इससे पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत वंदेमातरम से की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद अध्यक्ष का पहला अमेठी आगमन है। स्मृति को अमेठी के विकास के लिए संघर्षरत बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार विकास में कोई कोर कसर नही छोड़ेगी। योगी ने कहा कि मोदी ने देश विदेश में भारत का मान बढ़ाया।