कांग्रेस का आरोप: यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था की ओर कांग्रेस पार्टी लगातार प्रदेश की भाजपा सरकार का ध्यान आकर्षण करती रही है तथा उसकी निन्दा भी करती रही। परन्तु योगी सरकार की कानून व्यवस्था की ओर उदासीनता इस बात को सोचने पर मजबूर कर देती है कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को चुस्त और दुरूस्त करने की योग्यता ही नहीं है। जब भाजपा के नेता अपराधियों को छुड़ाने के लिए प्रदेश के थानों पर आक्रमण करेंगे तथा पुलिस की पिटाई करेंगे तो निश्चित रूप से सरकार और पुलिस का इकबाल दिन-प्रतिदिन गिरेगा। प्रदेश कांग्रेेस के प्रवक्ता डॉ0 हिलाल अहमद ने कहा कि आज प्रदेश की पुलिस की यह हालत हो गयी है कि वह प्रदेश के मंत्रियों की सुरक्षा करने में पूर्णतया असमर्थ है जैसा कि बरेली में एक मंत्री पर फायरिंग की गयी। भाजपा के विधायक श्री सत्यवीर त्यागी पर भी फायरिंग की गयी। बलात्कार, डैकती, चोरी, राहजनी, हत्या की घटनाएं आम हो गयी हैं जिससे प्रदेश की जनता बुरी तरह त्रस्त है। श्री अहमद ने कहा कि यदि प्रदेश की कानून व्यवस्था तुरन्त न सही की गयी तो निश्चित रूप से प्रदेश में रहना मुश्किल हो जायेगा। जनता आज प्रदेश में जंगलराज से जूझ रही है और प्रदेश के मुख्यमंत्री केरल की कानून व्यवस्था को लेकर चिन्तित हैं।