यूपी में 6 लाख टन हुई धान की खरीद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा धान खरीद योजनान्तर्गत प्रदेश के 66,257 किसानों से अब तक 6.16 लाख टन धान की खरीद की गई है। इसके लिये किसानों का 955.98 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जबकि इसी अवधि में गत वर्ष केवल 1.68 लाख टन धान की खरीद हुई थी।प्रदेश के मुख्य सचिव राजीव कुमार ने धान खरीद समीक्षा बैठक के बाद कहा कि धान क्रय निर्धारित समर्थन मूल्य 1550 रूपये प्रति कुन्तल की दर पर किया गया है। किसानों द्वारा तय समर्थन मूल्य पर धान का विक्रय करना उनका अधिकार है। निर्धारित समर्थन मूल्य से कम मूल्य पर किसानों को कतई धान बेचने हेतु विवश नहीं होना पड़ेगा।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मण्डियों में अनिवार्य रूप से धान की नीलामी द्वारा बिक्री करायी जाये एवं मानक के अनुरूप यदि धान की बोली समर्थन मूल्य से कम आ रही है, तो क्रय केन्द्रों पर धान की तौल करायी जाये।उन्होंने प्रदेश के जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि स्थानीय समाचार पत्रों में क्रय केन्द्रों की स्थिति केन्द्र प्रभारी के नाम एवं उनके मोबाइल नंबर सहित अन्य किसानों के हित सम्बन्धी आवश्यक सूचनाओं का प्रकाशन कराया जाये, ताकि किसान अपना धान बेचने हेतु केन्द्र प्रभारी से संपर्क कर अपना धान निर्धारित समर्थन मूल्य में आसानी से बेच सकें।