कांग्रेस बोली: जनमत का सम्मान और आभार

लखनऊ। यूपी में सम्पन्न हुए नगर निकाय चुनाव में मिले जनादेश का कांग्रेस पार्टी सम्मान करती है और प्रदेश के जागरूक मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करती है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता कृष्णकान्त पाण्डेय ने निकाय चुनाव परिणाम के बाद प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल के इशारे पर जिस प्रकार चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है उसके बावजूद नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में कंाग्रेस पार्टी ने अपनी जबर्दस्त उपस्थिति दर्ज करायी है और कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में आम जनता खड़ी दिखाई दी है किन्तु चुनाव परिणाम आशा के अनुरूप न आने पर कांग्रेस पार्टी उन कारणों पर विस्तृत विचार विमर्श करेगी क्योंकि कुछ दिन पूर्व तक प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल दिख रहा था परन्तु किन गड़बडिय़ों के चलते चाहे उसमें ईवीएम रहा हो, मतदाता सूची रही हो, प्रशासनिक दुरूपयोग रहा हो या कोई और गड़बड़ी रही हो, पार्टी का प्रदेश नेतृत्व इसकी विस्मृत समीक्षा करेगा।
प्रवक्ता ने कहा कि निकाय चुनाव परिणाम से यह साबित हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रियता पिछले निकाय चुनाव की तुलना में केन्द्र एवं प्रदेश में सत्ता में रहने के बावजूद काफी घटी है और आम जनता में केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ा है जबकि उ0प्र0 में पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री चुनाव की कमान स्वयं संभाल रहे थे, इन सबके बावजूद पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को आम जनता का समर्थन मिला है।