गुजरात में अखिलेश मंत्र: गुस्से को वोट में बदलें

 

अहमदाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुजरात के मतदाताओं विशेषकर किसानों और नौजवानों से अपील की है कि वे अपनी नाराजगी को वोट में बदल दें ताकि उससे बदलाव आ सके। उन्होंने कहा कि देश को नोटबंदी और जीएसटी ने तबाह किया हैं। बड़े पैमाने पर नौकरियां छिन गई हैं। जिस विकास की बात गुजरात में भाजपा कह रही है वह कहीं दिखाई नहीं दे रहा हैं। गुजरात में होने वाले चुनाव के परिणामों का हमें भी इंतजार रहेगा। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि वे सावधान रहें क्योंकि भाजपा कोई भी साजिश कर सकती हैं।
अहमदाबाद में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने गुजरात के साथ अपने गहरे रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण यहां आए और यहीं के हो गए। इस रिश्ते को दुबारा जोडऩा है। जिस दिन मैं गुजरात आया सबसे पहले द्वारिकाधीश मन्दिर गया और आशीर्वाद लेने के बाद प्रचार शुरू किया। समाजवादी पार्टी के रूप में हम यहां एक छोटा पौधा लगा रहे हैं जो बड़ा होगा। उन्होंने कहा गुजरात महात्मा गांधी की और सरदार पटेल की भी भूमि है। हम उन्हें नहीं भूल सकते हैं। किसानों, महिलाओं और आम लोगों को एकता के सूत्र में जोडऩे का संदेश गुजरात से ही जाता है।
श्री यादव ने कहा कि गुजरात में भाजपा ने विकास का कोई ठोस मॉडल नहीं प्रस्तुत किया हैं। गुजरात मॉडल धोखेवाला मॉडल हैं। मैं गुजरात के गांवों में टहला और लोगों से मिला। लेकिन कहीं भी बुनियादी विकास का स्वस्थ रूप नहीं दिखा। जहां तक विकास की बात है भाजपा के नेताओं का कहना है कि हम विकास के नाम पर लड़ रहे हैं। जबकि स्थिति इसके ठीक उलट है। भाजपा जाति और धर्म में जनता को उलझा कर चुनाव प्रभावित करना चाहती है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में हम लोगों ने नारा दिया कि काम बोलता है और पूरा चुनाव विकास पर लड़े। हमने बेहतरीन एक्सप्रेस-वे बनाया जिस पर चीन के साथ दिक्कत होने पर लड़ाकू विमान भी उतर सकते हैं। यहां आज तक ऐसी सडक़ नहीं बन पायी जिस पर एमरजेन्सी में भी कोई विमान उतर सके। जबकि पाकिस्तान बगल में है। यूपी की समाजवादी सरकार ने यूपी 100 डायल सबसे अच्छी व्यवस्था बनायी। जिससे कानून व्यवस्था बेहतर हुई थी। श्री यादव ने कहा कि भाजपा झूठे प्रचार में और जनता को धोखा देने में आगे हैं। यूपी में दो साल में समाजवादी सरकार में मेट्रो चल गयी। सभी जिला मुख्यालयों को जोडऩे वाली 6लेन की की सडक़ एलीवटेड सडक़, 55 लाख गरीब महिलाओं को समाजवादी पेंशन, 18 लाख लैपटॉप वितरण के बाद जब हम समाजवादी विकास की बात कर रहे थे तब भाजपा जाति-धर्म की बात कर रही थी। पूरा चुनाव भाजपा ने कब्रिस्तान और श्मशान पर केन्द्रित कर दिया। गोबर इनके चुनाव का मुख्य विषय था। भाजपा के लोग चुनाव के पहले स्लाटर हाउस का कारोबार बंद करने की बात करते थे जबकि स्लाटर हाउस बंद नहीं हुए। उनकी अपनी नीति स्लाटर हाउस के सम्बंध में स्पष्ट नही हैं। निर्यात बंद क्यों नहीं किया? अखिलेश यादव ने कहा कि निकाय चुनाव में जीते 14 महापौरों को भाजपा ने गुजरात में प्रचार में लगा दिया जबकि नगर पालिका और नगर पंचायत में बड़ी संख्या में भाजपाइयों की जमानते जब्त हो गई। यह झूठ की राजनीति है। यूपी में चुनाव के समय ये लोग हर जाति का मुख्यमंत्री बना रहे थे। आरक्षण को लेकर भी भाजपा भ्रम फैलाने का काम करती हैं। समाजवादी आबादी के हिसाब से आरक्षण के पक्षधर हैं। हम सबको सम्मान और अवसर देने की बात करते हैं किसी से कुछ छीनने की नहीं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सबसे सुन्दर रिवरफ्रंट लखनऊ के गोमती नदी के तट पर हैं। अहमदाबाद और राजकोट में साइकिल ट्रैक हैं जबकि लखनऊ में भाजपा सरकार तोडऩे का निर्णय ले रही हैं। भाजपा ने प्रदूषण खत्म करने की बात की थी लेकिन ये समाज में प्रदूषण फैला रहे हैं।