पाक की नापाक हरकत: चार जवान शहीद

नई दिल्ली। पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा से लगे जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में रविवार को फिर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की। इससे एक दिन पहले नजदीकी राजौरी जिले में पाकिस्तान की गोलीबारी में भारतीय सेना के चार जवान शहीद हो गए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने सरहद पार से दोपहर करीब 12:55 बजे शाहपुर सेक्टर में सेना की चौकियों और गांवों में हल्के और भारी हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय जवानों ने भी प्रभावी तरीके से जवाबी गोलीबारी शुरू की। अंतिम समाचार मिलने तक दोनों ओर से गोलीबारी जारी थी। वहीं न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि भारतीय सेना ने जवाबी फायरिंग में पाकिस्तानी सेना का एक जवान ढेर कर दिया।