ममता का मोदी पर हमला जारी: गोडसे का जिक्र

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मोदी सरकार पर हमला जारी है। कोलकाता की जाधवपुर यूनिवर्सिटी में चल रही इंडियन हिस्ट्री कांग्रेस में ममता ने इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार पर तंज कसा है। पश्चिम बंगाल की सीएम ने इंडियन हिस्ट्री कांग्रेस के सत्र को संबोधित करते हुए कहा, जिस तरीके से आज इतिहास के साथ छेड़छाड़ हो रही है, ऐसा लगता है कि नाथूराम गोडसे गांधी जी से बड़े देशभक्त थे। ममता बनर्जी लंबे अरसे से केंद्र सरकार के खिलाफ हमलावर रुख अख्तियार किए हुए हैं। नोटबंदी और जीएसटी को लेकर भी ममता ने मोदी सरकार को कठघरे में खड़ा किया था। इसके अलावा आधार की अनिवार्यता को लेकर भी ममता अक्सर मोदी सरकार को निशाने पर लेती रही हैं। इससे पहले गुरुवार को आईएचसी के सत्र में राजनैतिक असहिष्णुता, बुद्धिजीवियों की हत्याएं और इतिहास के दोबारा लेखन का मुद्दा छाया रहा। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में मशहूर इतिहासकार इरफान हबीब, साब्यसाची भट्टाचार्य, इशरत आलम के अलावा राजमोहन गांधी भी शिरकत कर रहे हैं।