कोल्ड वॉर: कोहरे का कहर जारी

नई दिल्ली। रविवार की सुबह घने कोहरे से लिपटी नजर आई। दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय सडक़ों पर इतना घना कोहरा छाया रहा कि थोड़ी दूर पर पैदल आते लोग और वाहन तक दिखाई भी नहीं दे रहे थे। इस वजह से सडक़ों पर वाहन चालकों को आवागमन के दौरान काफी परेशानी हुई। इसके अलावा पूरे दिन सर्द हवा चलने से लोगों को सर्दी का एहसास हुआ। आने वाले दो दिनों में मौसम में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।वहीं दोपहर के बाद फिर से कोहरा छाने लगेगा। रात में न्यूनतम तापमान में गिरावट रहने से सर्दी लगेगी। जानकारी के मुताबिक एक जनवरी को भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। दिन में लंबे समय के लिए मौसम साफ रहने से सुबह-शाम कोहरा अधिक रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।उत्तर भारत में घने कोहरे व पछुआ हवाओं से सर्दी और बढ़ गई। खासकर उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह पुरवा हवाओं के साथ घना कोहरा छाया रहा। शीत लहर के प्रकोप के चलते लोग घरों में दुबके रहे। वहीं दिल्ली एनसीआर की बात करें तो यहां ठंड में थोड़ी कमी आई है और सुबह-सुबह यहां का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा।