देश में कोरोना मरीज 12 हजार के करीब

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामले 12 हजार के करीब पहुंच गए हैं। भारत में कोविड 19 मरीजों की संख्या 11933 हो गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार संक्रमित मामले 10197 हैं जिनमें से 1344 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक देश में 392 मरीजों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं। वहीं दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या आधिकारिक रूप से 20 लाख पार कर गई है। एएफपी ने यह जानकारी बुधवार को अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सुबह दस बजे तक आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर दी। इसके मुताबिक दुनियाभर में कुल संक्रमितों की संख्या 20, 00,576 है जिनमें से 1,26,871 लोगों की मौत हुई है। कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित यूरोप महाद्वीप है जहां 85,271 मौतें हुई हैं। वहीं अमेरिका में सबसे तेजी से संक्रमण फैला है और यहां कुल संक्रमितों की संख्या 6,09,240 तक पहुंच गई हैं जिनमें से 26,033 लोगों की मौत हो चुकी है।