राहुल बोले: मंहगा क्यों बिक रहा है पेट्रोल-डीजल

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कच्चे तेल की कीमत में ऐतिहासिक गिरावट के बाद मंगलवार को सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस स्थिति में भी पेट्रोल 69 रुपए और डीजल 62 रुपए प्रति लीटर बेचा जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि पेट्रोल-डीजल की कीमत कम करने की मांग पर सरकार क्यों ध्यान नहीं दे रही है?
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि दुनिया में कच्चे तेल की क़ीमतें अप्रत्याशित आंकड़ों पे आ गिरी हैं, फिर भी हमारे देश में पेट्रोल 69 रुपए, डीज़ल 62 रुपए प्रति लीटर क्यों है? इस विपदा में जो दाम घटे, सो अच्छा। कब सुनेगी ये सरकार?इससे पहले कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार को आम उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करनी चाहिए। खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, तेल के दामों में अचानक अप्रत्याशित कमी का आना एक ऐतिहासिक मौका है। इतनी कमी कि वह शून्य से भी नीचे जा पहुंचा। एक बार तो ऐसा क्षण आया कि दाम शून्य से 37 डॉलर नीचे चला गया। इसका कारण है कि अमेरिका में इस कच्चे तेल का कोई खरीददार नहीं हैं।