गोरखपुर में 300 चमगादड़ मिले मरे: हडक़ंप

गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर में मंगलवार को एक अजीब घटना हुई। यहां पर रहस्यमयी तरीके से एक बाग में 300 से ज्यादा चमगादड़ मरे मिले। कई जमीन पर तड़प रहे थे तो कई लोगों की आंखों के सामने ही जमीन पर गिर रहे थे। लोगों में हडक़ंप मच गया। पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है।
मामला खजनी रेंज के बेलघाट गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां ध्रुव नारायाण शाही के आम के बाग में कुछ लोगों को दूर से जमीन पर कुछ काले रंग की बिखरी चीज नजर आई। पास पहुंचने पर लोगों ने देखा कि दूर-दूर तक चमगादड़ों के शव पड़े हैं। कुछ उनकी आंखों के सामने ही जमीन पर आकर गिर रहे थे तो कुछ जमीन पर पड़े तड़प रहे थे।
लोगों ने वन विभाग और पुलिस को सूचना दी। इधर सूचना फैलते ही मौके पर दर्जनों लोग जमा हो गए। लोगों ने बताया कि कई चमगादड़ इतने बड़े थे कि उन लोगों ने कभी इतने बड़े चमगादड़ नहीं देखे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की भीड़ को हटाया। खजनी रेंजर देवेंद्र कुमार भी मौके पर पहुंचे। इधर चमगादड़ों की मौत के बाद लोगों में दहशत हो गई है। कई लोग घरों में कैद हो गए हैं। लोगों ने कहा कि उन्हें डर है कि कहीं किसी वायरस के कारण तो चमगादड़ों की मौत नहीं हुई। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि चमगादड़ों के मरने के बाद कहीं कोई वायरस न फैल जाए। कुछ लोगों का कहना है कि किसी अनजान वायरस से चमगादड़ों की मौत हुई है।