अखिलेश बोले: अपराधों के लिए योगी जिम्मेदार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा में शुक्रवार की शाम महिला डेंटल सर्जन की घर में घुसकर लूट के बाद चाकू मारकर हत्या की घटना पर सियासत शुरू हो गई है। हालांकि देर रात पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से लूटा गया माल भी बरामद कर लिया गया है। आगरा में लूट और उसके बाद डॉक्टर की हत्या पर अखिलेश यादव ने यूपी सरकार को घेर लिया है। उन्होंने यूपी सरकार को प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों का जिम्मेदार ठहराया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट किया। ट्वीटर पर अखिलेश यादव ने लिखा कि आगरा के एक व्यस्त रिहायशी इलाके में एक महिला डॉक्टर के घर में घुसकर पहले लूटपाट की गई है। इसके बाद उसकी गला रेतकर हत्या किए जाने की घटना प्रदेश में स्तब्ध है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। ट्वीट करके उन्होंने लिखा कि भाजपा सरकार भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने और विपक्षियों को झूठे मुकदमों में फंसाने में लगे हैं। अखिलेश यादव ने ट्वीट के जरिए यूपी को सलाह भी दी। उन्होंने आगे लिखा कि सरकार टीवी पर प्रचार की जगह, उत्तर प्रदेश में अपराध पर विचार करे।