मौलाना सादिक के जनाजे में उमड़ी भीड़

लखनऊ। शिया धर्म गुरू और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष मौलाना कल्बे सादिक की बुधवार को लखनऊ के यूनिटी कॉलेज में नमाज ए जनाजा पढ़ी गई। इस दौरान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में अलग-अलग धर्मों के लोग शामिल हुए। महंत देव्यागिरी भी उन्हें श्रद्घांजलि देने के लिए पहुंचीं।
अयातुल्ला खामनेई के भारत में प्रतिनिधि आयतुल्लाह मेहंदी मेहंदवी ने नमाज ए जनाजा पढ़ाई। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को सुपुर्दे खाक करने के लिए लखनऊ छोटे इमामबाड़ा स्थित गुफरान मॉब ले जाया गया। उनकी अंतिम यात्रा में हजारों की संख्या में लोग उमड़े।
शिया धर्मगुरु सादिक का मंगलवार देर रात लखनऊ में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। कैंसर, गंभीर निमोनिया और संक्रमण से पीडि़त मौलाना सादिक पिछले करीब डेढ़ महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें पिछले मंगलवार को तबीयत बिगडऩे पर अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। मौलाना कल्बे सादिक दुनिया भर में अपनी उदारवादी छवि के लिए जाने जाते थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी के साथ ही सपा प्रमुख अखिलेश और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी मौलाना के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष रहे मौलाना कल्बे सादिक के निधन से अत्यंत दुख हुआ। उन्होंने सामाजिक सद्भावना और भाईचारे के लिए उल्लेखनीय प्रयास किया। उनके परिजनों और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं।