नेपाल में राजशाही की मांग तेज: कई जगह प्रदर्शन

डेस्क। नेपाल की सत्ताधारी नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी की आंतरिक कलह और प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के इस्तीफे की मांगों के बीच राजशाही की पुन: बहाली की मांग भी जोर पकडऩे लगी है। पिछले हफ्ते से नेपाल के पोखरा और बुटवल जैसे बड़े शहरों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इन प्रदर्शनों में लोग नेपाल में हिन्दू अधिराज्य की स्थापना करने वाले पृथ्वी नारायण शाह की तस्वीरें लेकर सडक़ों पर उतर रहे हैं। गुरुवार को भारत के महराजगंज जिले की सीमा के करीब भैरहवां में राजशाही के समर्थन में प्रदर्शन हुआ।
यह प्रदर्शन नागरिक समाज रुपनदेही के तत्वावधान में किया गया। प्रदर्शनकारियों ने भैरहवा के लुम्बिनी गेट से जुलूस निकाला जो बुद्ध चौक, देवकोटा चौक, बैंक रोड, मिलन चौक होते हुए लुम्बिनी गेट पहुंचा। यहां एक सभा में वक्ताओं ने नेपाल में राजतंत्र की जोरदार वकालत की। उन्होंने नेपाल में हिन्दू राष्ट्र की पुन: स्थापना की जरूरत बताई।