राजधानी में दिनदहाड़े गोली कांड

लखनऊ। शहर के आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-एच में रहने वाले पीडब्ल्यूडी कर्मचारी को मंगलवार सुबह दो बाइक सवार नकाबपोश गोली मारकर भाग गए। कर्मचारी को गंभीर हालत में पड़ोसियों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सर्वेश कुमार पत्नी ममता, बहन और एक बेटे के साथ आशियाना के सेक्टर एच, ई 3/694 में रहते हैं। सर्वेश कुमार पीडब्ल्यूडी में हैं, जबकि उनकी पत्नी ममता सचिवालय में कार्यरत हैं। घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। सर्वेश कुमार घर के बाहर अपनी स्कूटी साफ कर रहे थे। उसी समय दो नकाबपोश युवकों ने उनको गोली मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली की आवाज सुनकर भीड़ जुटी तो नकाबपोश हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची एसीपी कैंट डॉ वीनू सिंह और इंस्पेक्टर आशियाना केशव कुमार तिवारी, पुलिस बल के साथ जांच में जुटे हुए हैं।