राजभर और ओवैसी यूपी में मचाएंगे धमाल

लखनऊ। यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों के बीच जोड़-तोड़ का खेल शुरू हो गया है। ताजा घटनाक्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए इत्तेहादुल मुसलमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी बुधवार को ओम प्रकाश राजभर के ‘भागीदारी संकल्प मोर्चा’में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यूपी में विधानसभा चुनाव उनकी पार्टी राजभर की लीडरशिप में लड़ेगी। जल्द ही वे प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव से भी मुलाकात करेंगे।
राजधानी के एक होटल में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर से बातचीत के बाद ओवैसी ने मीडिया से भी बात की। उन्होंने कहा कि राजनीति के दौर में दो नेता एक जगह मिलते हैं तो उसका अर्थ आप लोग जानते हैं। यकीनन हमारी आज बातचीत हुई है। एआईएमआईएम भागीदारी मोर्चा के साथ रहेगी। जनवरी में प्रोग्राम बनेगा और मीटिंगें होंगी। बिहार में जो कामयाबी उनकी पार्टी मिली, उसमें राजभर का भी योगदान रहा है। बिहार की कामयाबी से हौसला मिला है। उस सिलसिले को जारी रखना चाहेंगे।