अखिलेश बोले: बीजेपी सरकार में सबसे ज्यादा लूट

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा लूट, हत्या की घटनाएं व्यापारियों के साथ हुई है। कोई कार्रवाई नहीं हुई। लाकडाउन में कारखाने प्रतिष्ठान बंद रहे फिर भी उन्हें बिजली का बिल देना पड़ रहा है। भाजपा दोहरे चरित्र की पार्टी है जो सबको बेईमान समझती है। नोटबंदी ने पूरी अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। वह अब व्यापार में एकाधिकार करने की साजिश में लगी है। एक वर्ष में ही राज्य के साथ भाजपा के भाग्य का निर्णय हो जाएगा। व्यापारी चुनाव में भाजपा को असली वैक्सीन लगाएंगे। अखिलेश यादव आज पार्टी मुख्यालय में लखनऊ में आयोजित समाजवादी व्यापार सभा उ0प्र0 की राज्य स्तरीय संगठनात्मक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। श्री संजय गर्ग ने अध्यक्षता और संचालन महासचिव अभिमन्यु गुप्ता ने किया। राष्ट्रीय सचिव श्री राजेन्द्र चौधरी एवं प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल तथा पम्मी जैन एमएलसी भी इस अवसर पर मौजूद थे। अखिलेश यादव ने प्रदेश में व्यापारियों को नववर्ष की शुभकामना दी और उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि किसानों, व्यापारियों का भरोसा भाजपा पर नहीं है। 20 लाख करोड़ के घोषित पैकेज में व्यापारियों को क्या मिला? किसान और व्यापारी दोनों एक दूसरे पर निर्भर है। इनके संयुक्त प्रयास से ही आर्थिक तरक्की होना सम्भव होगी। डिजीटल व्यवस्था में छोटा व्यापारी खत्म हो जाएगा। भाजपा किसी का दु:ख दर्द नहीं समझती है। वह भ्रष्टाचार की जननी हो गई हैं। भाजपा चंद बड़े कारपोरेट की पक्षधर है।अखिलेश यादव ने घोषणा की कि समाजवादी सरकार बनने पर व्यापारी सुरक्षा आयोग का गठन किया जाएगा। व्यापारी सुरक्षा बीमा राशि बीस लाख रूपये करेंगे। व्यापारियों का डाटा बनाएंगे तथा उन्हें डायल 100 से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने पारदर्शिता के साथ विकास कार्य किए थे। व्यापारियों किसानों की सहूलियत के लिए मंडिया स्थापित की थी जिन्हें भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया। समाजवादी सरकार में ही चुंगी समाप्त की गई थी और इंस्पेक्टर राज समाप्त हुआ था। समाजवादी पार्टी किसानों, व्यापारियों के हितों का संरक्षण करती रही है।