बिहार मंत्रिमंडल विस्तार : नीतीश लेंगे फैसला

पटना। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता गुरुवार को मुख्यमंत्री से मिले थे। प्रदेश नेतृत्व व आलाकमान जल्द इस मसले को लेकर मुख्यमंत्री से बात भी करेगा। मुख्यमंत्री ने जो चिंता जतायी है, उसका जल्द समाधान कर लिया जाएगा। बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में उनके कार्यकाल में पहले ऐसा कभी नहीं हुआ है कि मंत्रिमंडल विस्तार में इतनी देर हुई हो। उन्होंने कहा कि हमेशा से हम शुरुआत में ही पूरे मंत्रिमंडल का विस्तार कर देते थे। सीएम से जब यह पूछा गया कि गुरुवार को आपसे भाजपा बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और दोनों उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी मिले तो मंत्रिमंडल विस्तार पर बात हुई या नहीं, उन्होंने कहा कि इस विषय पर भाजपा नेताओं ने कोई बात नहीं की। बिल्कुल सहज और सामान्य बातें हुई हैं। बिहार में हमलोग जो काम कर रहे हैं, उसपर बातचीत हुई। जो हमलोगों का लक्ष्य है, उन्हीं सब बातों पर चर्चा हुई, पर मंत्रिमंडल विस्तार पर बात नहीं हुई। कोई राजनीतिक बात नहीं हुई है। कहा कि जबतक उन लोगों (भाजपा) की राय नहीं आ जाएगी, तबतक मंत्रिमंडल विस्तार नहीं होगा। भाजपा की रिपोर्ट आ जाएगी, तो उसी आधार पर मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।