दौरे पर आए आप विधायक सोमनाथ भारती : फेंकी गई स्याही

रायबरेली। रायबरेली जिले के दौरे पर आए आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के विधायक सोमनाथ भारती पर सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में स्याही फेंक दी गई। इस दौरान आप विधायक की पुलिस के अधिकारियों के साथ नोकझोंक भी हुई। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है पर इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। दरअसल, अमेठी-रायबरेली के दौरे पर आए आप विधायक सोमनाथ भारती ने शनिवार को जगदीशपुर में पार्टी कार्यकर्ता मीटिंग में भडक़ाऊ बयान दिया था। कहा था कि भाजपा सरकार में गुंडों का राज है। सोमनाथ ने कहा था कि यूपी के अस्पतालों में कुत्ते के बच्चे पैदा होते हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक और नेता सोमनाथ भारती रविवार को रायबरेली पहुंचे थे। वह सिंचाई विभाग के गेस्ट हाउस में रुके।आज रायबरेली में पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात समेत उनके कई कार्यक्रम थे। सोमनाथ का आरोप है कि सुबह भाजपा कार्यकर्ता गेस्ट हाउस पहुंच गए और जैसे ही आप विधायक निकले उन पर स्याही फेंक दी। हिंदू युवा वाहिनी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गेस्ट हाउस में हंगामा भी खूब किया। पुलिस ने किसी तरह भाजपा कार्यकर्ताओं को शांत कर स्थितियों को संभाला।