हरियाणा : अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में कांग्रेस

नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के बीच कांग्रेस की नजर हरियाणा पर है। हरियाणा में भाजपा सरकार पर दबाव बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार का समर्थन कर रही जननायक जनता पार्टी (जजपा) और कई निर्दलीय विधायक इन कानूनों के खिलाफ हैं। वह किसानों की कानून वापस लेने की मांग के साथ हैं। यही वजह है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की राह आसान नहीं है। जननायक जनता पार्टी के अध्यक्ष के तौर पर दुष्यंत चौटाला ने इस मुद्दे पर सख्त रुख नहीं अपनाया, तो कई विधायक उनके खिलाफ जा सकते हैं। क्योंकि जजपा को ग्रामीण क्षेत्रों से समर्थन मिला था। ऐसे में सरकार में बने रहने के लिए दुष्यंत चौटाला किसानों के हितों की अनदेखी करते हैं, तो उन्हें अपने विधायकों को एकजुट रखना मु्श्किल होगा।