विधान परिषद चुनाव : सपा का बड़ा दांव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने यूपी के विधान परिषद चुनाव में बड़ा दांव खेला है। विधायकों की संख्या बल के अनुसार समाजवादी पार्टी एक सीट जीत सकती है, लेकिन दूसरा प्रत्याशी का ऐलान कर पार्टी ने मुकाबला रोचक कर दिया है। सपा ने नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मंत्री अहमद हसन और प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार सुबह प्रदेश कार्यालय में विधायकों के साथ बैठक के बाद प्रत्याशियों का ऐलान किया। बैठक में सपा प्रत्याशी के प्रस्तावक कौन-कौन से विधायक होंगे यह भी तय किया गया है। प्रदेश में विधान परिषद की 12 सीटों पर 28 जनवरी को चुनाव होने हैं। समाजवादी पार्टी विधायकों की संख्या के बल पर 12 सीटों में से सिर्फ एक प्रत्याशी को ही जीत दिला सकती है। दूसरी सीट के लिए उसे अन्य विधायकों की जरूरत होगी। सूत्रों का कहना है कि समाजवादी पार्टी की निगाह बहुजन समाज पार्टी के साथ ही दूसरे दलों के कुछ असंतुष्ट विधायकों का समर्थन हासिल अपनी दूसरी सीट जिताने पर है। समाजवादी पार्टी ने पिछले दिनों हुए राज्यसभा चुनाव में अंतिम समय में प्रकाश बजाज को उतार कर हलचल मचा दी थी। उस समय भी सपा के निशाने पर बहुजन समाज पार्टी थी। भारतीय जनता पार्टी के खाते में 10 सीटें तय मानी जा रही हैं, जबकि समाजवादी पार्टी को एक सीट मिलनी तय है। वहीं, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी एक भी सीट जीतने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि 12वीं सीट पर किस सियासी दल का कब्जा होगा, क्योंकि कोई भी पार्टी अपने दम पर यह सीट जीतने की स्थिति में नहीं है।