एमपी में नया कानून : पत्थरबाजों की खैर नहीं

भोपाल। मध्य प्रदेश की सरकार राज्य में अब सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ और सख्ती बरतने जा रही है और इसके लिए नया कानून भी बनाया जाएगा। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने गुरुवार सुबह मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा, “जहां से पत्थर आएंगे, उन्हीं के घर के पत्थर निकाले जाएंगे। राज्य की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का किसी को अधिकार नहीं है। अब पत्थर चलाने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। साथ ही सूबे की सरकार ऐसे लोगों से निपटने के लिए कानून बनाने पर विचार कर रही है।” मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी ऐसे मामलों में आरोपियों की घर और संपत्ति नष्ट करने के आदेश दे चुकी है। साथ ही जब गृह मंत्री से पूछा गया कि नया कानून कैसा और क्या होगा, तो इस बारे में उन्होंने ज्यादा जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा जिस तरह हम पहले प्रदेश में लव जिहाद के कानून लेकर आए हैं वैसे ही सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।