बिकरू कांड: एसटीएफ ने बरामद की स्प्रिंगफील्ड राइफल

कानपुर। बिकरू गांव में हुए विकास दुबे कंड में पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने सोमवार को बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसटीएफ ने फरारी के दौरान विकास दुबे को शरण देने वाले समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सेमी ऑटोमैटिक स्प्रिंगफील्ड राइफल समेत कई हथियार बरामद किये हैं। राइफल का इस्तेमाल पुलिस वालों पर हमले में किया गया था। पुलिस ने इन हथियारों की तलाशी के लिए विकास दुबे का घर खोद डाला था। इतना ही नहीं कई दिनों तक उसके घर से कुछ दूर स्थित तालाब का पानी निकल कर तलाशी अभियान तक छेड़ा था। कानपुर में चौबेपुर के बिकरू गांव में दो जुलाई 2020 की रात दबिश देने गई पुलिस टीम पर गैंगस्टर विकास दुबे और उसके गुर्गों ने हमला कर दिया। विकास दुबे ने साथियों की मदद से सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। इसके बाद विकास दुबे रात में ही फरार हो गया था और अपने सहयोगियों के पास जाकर छिप गया था। वारदात के करीब सात दिन के बाद विकास दुबे को मध्य प्रदेश पुलिस ने महाकाल मंदिर से पकडक़र यूपी पुलिस के सुपुर्द किया था। मध्य प्रदेश से कानपुर लाते समय गाड़ी पलट जाने पर विकास ने भागने का प्रयास किया था, जिससे एनकाउंटर में वह मारा गया था।